न्यूज अपडेट्स
शिमला : निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा ने 22 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा दिया था, लेकिन स्पीकर ने अभी तक इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। इसके विरोध में आज तीनों निर्दलीय विधायक विधानसभा में डॉक्टर यशवंत सिंह परमार पुस्तकालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
तीनों का कहना है कि उन्होंने स्वेच्छा से राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार को वोट डाला था। उन पर किसी का कोई दबाव नहीं था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार में उन्हें जलील किया गया। कोई नया कार्य उनके विधानसभा क्षेत्र में नहीं हो पाया। जब वह मुख्यमंत्री से मिलने जाते थे तो उन्हें दोबारा मिलने के लिए कहा जाता था। वह निर्दलीय विधायक हैं और अपनी मर्जी से किसी को भी वोट दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया है। उनके परिवार के लोगों पर एफआईआर की जा रही है। उनके काम-धंधे बंद करवा दिए गए हैं। सरकार को किस बात का डर है। उनके इस्तीफे स्वीकार किए जाएं।
जनता की अदालत में फैसला होगा। अगर उन्होंने गलत किया है तो वह हारेंगे, अन्यथा उनकी जीत होगी। यदि उनका इस्तीफा मंजूर नहीं होता है तो वह कोर्ट जाएंगे।