न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 24 फरवरी: हिमाचल कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक के पर्सनल स्टाफ को 2 बार धमकी भरे फोन कॉल आए हैं। यह कॉल कनाडा में छिपे एक गैंगस्टर का नाम लेकर की गई हैं। मगर, कॉल लोकल बताई जा रही है। इसकी पुष्टि MLA सुधीर शर्मा ने खुद की है।
विधायक ने धमकी की जानकारी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पुलिस महानिदेशक (DGP) संजय कुंडू को दे दी है। सुधीर शर्मा को शक है कि कांग्रेस के ही किसी नेता के इशारे पर व्यक्तिगत दुश्मनी की वजह से उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।
सुधीर के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने उस नेता का भी नाम बता दिया है, जिसके इशारे पर उन्हें धमकी मिली है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है और पुलिस ने उस धमकी देने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि धमकी की साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।
सुधीर ने ठुकराया मंत्री बनने का ऑफर: सुधीर शर्मा ने दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री सुक्खू के उस ऑफर को ठुकरा दिया, जिसमें CM ने सदन में कहा कि सुधीर को जल्द मंत्री बनाएंगे। इस पर सुधीर शर्मा ने सदन के बाहर मीडिया के सवाल पूछे जाने पर पर कहा कि राज्य सरकार को 14 महीने का वक्त पूरा हो गया है। जब किसी व्यक्ति को भूख लगी होती है, तभी उसे खाना देना चाहिए। दरअसल, सुधीर शर्मा को दो बार के कैबिनेट विस्तार में मंत्री नहीं बनाया गया। इसलिए वह सरकार से नाराज है।