न्यूज अपडेट्स
शिमला, 19 जुलाई : हिमाचल में हादसों का दौर जारी है। ताजा मामला हिमाचल की राजधानी शिमला के मॉल रोड में हुआ है। यहां एक रेस्टोरेंट में एक एलपीजी सिलेंडर फट गया। जिसके धमाके से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। सिलेंडर फटने का धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मॉल रोड सहम गया और अफरा तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड के पास मिडल बाजार में एक रेस्टोरेंट में सिलेंडर फट गया। जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना आज यानी मंगलवार शाम करीब सात बजे के आसपास की है। यह रेस्टोरेंट हिमाचल रसोई के नाम से है। रेस्टोरेंट में सिलेंडर कैसे फटा अभी तक इसका खुलासा नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में सिलेंडर फटने से पूरा रेस्टोरेंट तबाह हो गया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा मॉल रोड स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के पास ही हुआ है।
बता दें कि सिलेंडर फटने का धमाका इतना जोरदार था कि रेस्टोरेंट के आसपास के दो शोरूम भी इस धमाके से क्षतिग्रस्त हो गए। ब्लास्ट के बाद मॉल रोड और मिडल बाजार पर अफरा तफरी फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर.उधर भागने लगे। इस हादसे में घायल हुए लोगों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही शिमला के विधायक हरीश जनारथा भी मौके पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में कमर्शियल सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है। हादसे में एक कारोबारी की मौत हो गई है। जबकि सात गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है।