हिमाचल प्रदेश के मनाली में दुष्कर्म पीड़ित दो साल की बच्ची को उपचार के लिए कुल्लू से मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। गुरुवार को बच्ची को कुल्लू अस्पताल लाया गया था। जहां से डॉक्टरों ने उसे नेरचौक रेफर किया। बताया जा रहा है कि बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
हालांकि अभी तक दुष्कर्म को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। मनाली में दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद घाटी के लोगों में भारी रोष है। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर लोग इस घटना को अंजाम देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले को लेकर शुक्रवार को मनाली में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस थाना पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं मनाली में बाहर से आने वाले प्रवासियों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा। एसएसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि बच्ची को नेरचौक रेफर किया गया है।
नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
वहीं, चंबा में पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को तीसा थाना की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। शुक्रवार को पुलिस ने चंबा अदालत में पीड़िता का आईपीसी 164 के तहत बयान दर्ज किया जबकि पीड़िता का मेडिकल पुलिस पहले ही करवा चुकी है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने नाबालिग के साथ पहले दोस्ती की, उसके बाद उसे किसी बहाने से अपने घर बुलाया। आरोपी ने पानी में नशीली पदार्थ मिलाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, नाबालिग की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। इसके चलते आरोपी ने कई बार पीड़िता से दुष्कर्म किया। इसकी भनक पीड़िता के परिजनों को तब लगी जब उनके किसी रिश्तेदार ने पीड़िता को आरोपी के घर जाते हुए देख लिया। इसके बाद परिजनों की पूछताछ में पीड़िता ने अपने साथ हुए दुष्कर्म के बारे में बताया।
परिजनों ने इसकी शिकायत तीसा थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।