जयराम ठाकुर ने कहा कि कर्ज उनकी सरकार ने भी लिया है लेकिन वो प्रदेश के विकास के लिए लिया गया है और उससे विकास के कार्य जमीन पर दिखाई भी दे रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर से प्रदेश में रिवाज बदलने की बात पर जोर देते हुए कहा कि जबसे वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं पहले दिन से ही रिवाज बदलने की बात कर रहे हैं।
वहीं सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि देश सहित प्रदेश में भी कांग्रेस के बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। कांग्रेस का तंबू कई जगह से उखड़ चुका है और अब कहीं लगने की उम्मीद भी नहीं रही है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि भाजपा का दिल्ली सहित प्रदेश में भी अभी तक तंबू लगा हुआ है और जो भी भाजपा के तंबू में आना चाहता है उनका स्वागत है।
वहीं सीएम ने कहा कि प्रदेश में पूर्व में रही सरकारों की तुलना में मौजूदा सरकार ने समग्र विकास करवाया है जो कि कांग्रेस को दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने मौजूदा समय में रिकॉर्ड सड़कों का निर्माण करवाया है। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि यदि जमीन पर चल रहे हो तो जमीन को देख कर चलाते तभी विकास दिखाई देगा।
इससे पहले उन्होंने सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के लिए 62 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास किए। वहीं, प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष के उपलक्ष्य आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सरकाघाट विधायक कर्नल इंद्र सिंह, सुंदर नगर भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।