जानकारी के अनुसार वीरवार को बिलासपुर के जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय की ई-मेल आईडी से हैकर ने कई लोगों को एक मैसेज भेजा। भेजे गए मैसेज में कहा गया कि इन दिनों वह विदेश में हैं। उनके किसी परिचित को अपनी बेटी के इलाज के लिए लगभग 80 हजार रुपए की तुरंत जरूरत है। खुद विदेश में होने की वजह से वह अपने परिचित के अकाऊंट में पैसे ट्रांसफ र नहीं कर पा रहे हैं। संबंधित लोगों से पैसे की मदद मांगते हुए मैसेज में यह भी लिखा गया है कि 14 जुलाई को विदेश से वापस लौटने पर वह यह पैसा वापस कर देंगे। सरकारी कार्यालय की ई-मेल आईडी से आए इस मैसेज ने संबंधित लोगों को असमंजस में डाल दिया।
इसी बीच समाजसेवी सोहन सिंह राणा ने जिला पंचायत अधिकारी बिलासपुर को फाेन करके इस बारे बताया। इससे वह भी हैरान रह गईं। उन्होंने अपने सारे स्टाफ को बुलाकर इस बारे में पूछताछ की लेकिन सभी ने ऐसा मैसेज भेजने से इंकार किया जिस पर आनन-फानन में ई-मेल आईडी का पासवर्ड बदलकर लोगों को उक्त फेक मैसेज को इग्नोर करने की सलाह दी गई। जिला पंचायत अधिकारी शशि बाला ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इसके पीछे किसी शातिर का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसकी पुलिस में शिकायत नहीं की गई है।
