न्यूज अपडेट्स
मैहला, 12 नवम्बर। बग्गा पुल पर यातायात बाधित होने से परेशान क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने तत्परता दिखाते हुए पुल की क्षतिग्रस्त प्लेट की मरम्मत का कार्य महज एक सप्ताह के भीतर पूरा कर दिया है। इसके साथ ही पुल पर वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बग्गा पुल की प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां से यातायात बाधित हो गया था। इसके चलते स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पुल की मरम्मत को लेकर क्षेत्रवासियों को यातायात बहाल होने का इंतजार था।
ऐसे में NHAI ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी और रिकॉर्ड समय में इसे पूरा कर लिया। महज एक सप्ताह में यातायात बहाल होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है।
पुल पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, समयबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य पूरा करने को लेकर NHAI की तत्परता की सराहना की जा रही है।
