न्यूज अपडेट्स
चंबा, 14 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी और गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 765 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय हरि लाल पुत्र दुर्गा निवासी गांव कंडोगा, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे एसटीएफ की टीम तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर तीसा पुल के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच के लिए रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 765 ग्राम चरस बरामद हुई।
इसके बाद एसटीएफ की टीम ने मौके पर ही आरोपी हरि लाल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एसटीएफ एनआर कांगड़ा स्थित धर्मशाला पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लॉकअप में रखा गया है।
चरस के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
इसके अलावा पुलिस चरस की सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क और इसके आगे के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
चंबा जिले में नशे के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई के बीच एसटीएफ की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
