न्यूज अपडेट्स
शिमला, 26 नवंबर। हाईकोर्ट ने छोटे भाई के दसवीं (मैट्रिक) के सर्टीफिकेट में हेरफेर कर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले एक पूर्व क्लर्क की बर्खास्तगी को सही ठहराया है। न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज ने याचिकाकर्त्ता भूपेंद्र कुमार की याचिका को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि आपराधिक मामले में 'संदेह का लाभ' देकर बरी किए जाने के आधार पर विभागीय जांच की कार्रवाई और बर्खास्तगी के आदेश को रद्द नहीं किया जा सकता।
याचिकाकर्त्ता भूपेंद्र कुमार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। सेवा में स्थायीकरण के समय जब उसके मूल शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच की गई तो उसके मैट्रिक सर्टीफिकेट पर संदेह हुआ। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से सत्यापन कराने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सर्टीफिकेट वास्तव में याचिकाकर्त्ता के छोटे भाई दिनेश मकोल के नाम पर जारी किया गया था। आरोप था कि याचिकाकर्त्ता ने सर्टीफिकेट पर रबिंग और ओवर-टाइपिंग कर जन्मतिथि व नाम बदलकर नौकरी हासिल की थी।
इस मामले में नवम्बर 2001 में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। शुरूआती जांच रिपोर्ट में जांच अधिकारी ने आरोपों को सिद्ध नहीं माना था, लेकिन अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की अनदेखी का हवाला देते हुए मामले को पुनः जांच के लिए भेजा। जुलाई 2005 की दूसरी रिपोर्ट में आरोप साबित हुए, जिसके बाद जनवरी 2006 में उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
याचिकाकर्ता ने बर्खास्तगी आदेश को चुनौती देते हुए दलील दी कि अनुशासनात्मक प्राधिकारी के पास दोबारा जांच के लिए मामला भेजने का अधिकार नहीं था और दूसरी जांच में उनका पक्ष नहीं सुना गया। इसके अलावा, उसने यह भी तर्क दिया कि शिमला की एक निचली अदालत ने 2011 में धोखाधड़ी और जालसाजी के आपराधिक मामले से उन्हें बरी कर दिया है, जिसे अपीलीय अदालत ने भी बरकरार रखा है, इसलिए उसकी बर्खास्तगी रद्द की जानी चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि आपराधिक मुकदमे और विभागीय जांच में सबूतों का पैमाना बिल्कुल अलग होता है। आपराधिक मामले में 'संदेह से परे' दोष साबित करना होता है, जबकि विभागीय जांच 'संभावनाओं की प्रबलता' पर आधारित होती है।
निचली अदालत ने याचिकाकर्ता को केवल संदेह का लाभ देते हुए बरी किया था, न कि यह मानकर कि वह पूरी तरह निर्दोष हैं। कोर्ट ने माना कि बोर्ड के अधिकारियों ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही बर्खास्तगी का फैसला लिया था, जिसमें हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है।
