न्यूज अपडेट्स
ऊना, 31 अक्टूबर। जिला ऊना के उपमंडल अंब के चिंतपूर्णी क्षेत्र में वार्ड नंबर पांच स्थित श्मशानघाट में कुछ दिन पहले पांच व्यक्तियों की तस्वीरों पर कीलें ठोकने की घटना एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस बार इसकी वजह एक ऐसा संयोग है, जिसने क्षेत्र के लोगों को हैरान कर दिया है। श्मशानघाट में जिन पांच व्यक्तियों की तस्वीरों को कीलों से ठोका गया था, उनमें शामिल एक व्यक्ति की 1 लाख 14 हजार रुपये की ऑनलाइन लॉटरी निकलने की बात सामने आई है। इसके बाद इलाके में यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले चिंतपूर्णी के वार्ड नंबर पांच स्थित श्मशानघाट में पांच प्रतिष्ठित व्यक्तियों की तस्वीरों पर कीलें ठोकी हुई मिली थीं। इतना ही नहीं, तस्वीरों के आसपास अंतिम संस्कार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी रखी गई थी। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा हुई थी। तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुई थीं। संबंधित व्यक्तियों ने इस हरकत पर हैरानी और नाराजगी जताई थी।
अब इन्हीं पांच व्यक्तियों में शामिल एक शख्स की 1.14 लाख रुपये की ऑनलाइन लॉटरी निकलने की खबर सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चाओं का दौर फिर शुरू हो गया है। लोग इस घटनाक्रम को अजीब संयोग के तौर पर देख रहे हैं। पहले तस्वीरों पर कीलें ठोकने की घटना और अब उसी व्यक्ति की लॉटरी निकलने की बात ने इस पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा का विषय बना दिया है।
हालांकि, श्मशानघाट में तस्वीरों पर कीलें ठोकने और ऑनलाइन लॉटरी निकलने की घटना के बीच किसी तरह का संबंध होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। दोनों घटनाओं को केवल संयोग के रूप में ही देखा जा सकता है। फिलहाल, इस घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
