न्यूज अपडेट्स
मंडी, 07 अक्टूबर। मंडी जिले के गोहर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब छतरी से मंडी जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के डुघल के पास अचानक दोनों पिछले टायर निकल गए। बस में उस समय 21 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 9:45 बजे हुआ। चलती बस के दोनों पिछले टायर अचानक बाहर निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को नियंत्रित कर सुरक्षित सड़क पर रोक दिया। चालक की थोड़ी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
तकनीकी खराबी के चलते बस सड़क के बीचोंबीच खड़ी हो गई, जिससे चैलचौक-जंजैहली मार्ग पर करीब सवा दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दोपहर 12 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जा सका। इस दौरान स्थानीय लोगों और जंजैहली व चैलचौक की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने HRTC बसों की तकनीकी जांच और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निगम प्रबंधन से व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसी तकनीकी खामियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बसों की नियमित जांच जरूरी है।
वहीं, HRTC मंडी के क्षेत्रीय प्रबंधक पीयूष शर्मा ने बताया कि बस में अचानक आए मैकेनिकल फॉल्ट के कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि निगम की बसों की समय-समय पर तकनीकी जांच की जाती है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रखरखाव में पूरी सावधानी बरती जाती है।
