न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 02 अक्टूबर। बंदला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद की गई एचआरटीसी बस सेवाओं को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों और यात्रियों की ओर से भेजे गए प्रतिनिधित्व पर हिमाचल प्रदेश परिवहन निदेशालय ने संज्ञान लिया है। निदेशालय ने मामले में कार्रवाई के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजा है।
परिवहन निदेशालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 21 सितंबर 2026 को ई-मेल के माध्यम से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों बंदला और आसपास के गांवों के निवासियों एवं यात्रियों द्वारा प्रतिनिधित्व भेजा गया था। निदेशालय ने प्रतिनिधित्व की विषय-वस्तु को स्पष्ट बताते हुए सीजीएम एचआरटीसी से मामले की जांच कर उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी परिवहन निदेशालय तथा संबंधित आवेदकों को जल्द उपलब्ध करवाई जाए।
गौरतलब है कि ग्रामीणों द्वारा बंदला क्षेत्र की महत्वपूर्ण सुबह और शाम की बस सेवाओं को बंद किए जाने का मुद्दा उठाया गया है। अब परिवहन निदेशालय की ओर से एचआरटीसी के मुख्य महाप्रबंधक को मामले पर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद बस सेवाओं की बहाली को लेकर ग्रामीणों की उम्मीदें बढ़ी हैं।
