न्यूज अपडेट्स
मंडी, 11 सितंबर। मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे डयोड के पास दो कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से मंडी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की हालत फिलहाल गंभीर नहीं बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक यूपी नंबर की कार कैंची मोड़ से फोरलेन पर गलत दिशा से आती हुई डयोड के पास पहुंची। इसी दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक टैक्सी कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि यूपी नंबर की कार गलत दिशा से फोरलेन पर आई थी, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
