न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 10 सितंबर। ऊना-हमीरपुर नैशनल हाईवे पर भोटा के समीप एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। यहां बजुर नाले पर बने पुल से एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 150 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस भयानक हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए, जबकि सुंदरनगर निवासी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक ट्रक ऊना से हमीरपुर की तरफ जा रहा था। भोटा बाईपास मार्ग से होते हुए जब यह ट्रक बजुर नाले के पुल से गुजर रहा था, तभी वाहन की गति काफी तेज होने के कारण चालक उस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर ट्रक सीधे पुल के ऊपर से लगभग 150 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। गिरने के कारण ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
हादसे का पता चलते ही पंचायत समिति सदस्य राजेश कुमार उर्फ मांगा और अन्य स्थानीय निवासी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के अंदर फंसे घायल चालक मदन लाल निवासी सुंदरनगर को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया, जिसकी मदद से घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भोटा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। भोटा पुलिस सहायता कक्ष की प्रभारी निर्मला कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। फिलहाल घायल चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
