न्यूज अपडेट्स
ऊना, 05 सितंबर। मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा शुरू किए गए “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की शाम एसआईयू ऊना की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शिव मंदिर, कोटला खुर्द के समीप कार्रवाई की। इस दौरान राजिन्द्र शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1, कोटला खुर्द, तहसील एवं जिला ऊना के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नशे की तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के सेवन और अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम जनता से भी नशे की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की आधारशिला है और युवाओं को नशे के अंधकार से बचाकर सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
