Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

Bilaspur News: कीरतपुर नेरचौक फोरलेन पर 13.48 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवक गिरफ्तार

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 13 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। इसी कड़ी में जिला बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.48 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी पड़ोसी जिले सोलन के अर्की उपमंडल के रहने वाले हैं। पुलिस ने नशे की खेप और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित कैंचीमोड़ के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने सामने से आ रही काले रंग की एक कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। कार में तीन युवक सवार थे। पुलिस को उनकी हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद कार की गहनता से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 13.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीला पदार्थ मिलते ही पुलिस ने तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कमलेश कुमार (24) निवासी धुंधण, हरीश कुमार (24) निवासी सयारी (धुंधण) तथा हंसराज ठाकुर (22) निवासी चमाकड़ी पुल (धुंधण), तहसील अर्की व जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे चिट्टे की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या ये युवक किसी बड़े नशा तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा तो नहीं हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस मामले में आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का 'जीरो टॉलरेंस' अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई लाइन को पूरी तरह से तोड़ने के लिए विशेष रूप से फोरलेन और जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर गश्त और नाकाबंदी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों की कड़ी निगरानी की जा रही है ताकि तस्करों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!