न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 12 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में बीती देर रात एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। गतलोग के समीप एक बोलेरो केंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि चालक समेत 9 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिजन एक शव को लेकर गांव लौट रहे थे। पुलिस थाना संगड़ाह में दर्ज बयान के अनुसार, चिनाड गांव (नौहराधार) के रहने वाले सुनील शर्मा अपने ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ने पर संगड़ाह अस्पताल लाए थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने जगदीश शर्मा के शव को गांव अरलू ले जाने के लिए एक बोलेरो कैंपर (नंबर HP79-4595) किराये पर ली। इस वाहन को डूंगी (लाना पालर) निवासी कपिल देव चला रहा था।
पुलिस के अनुसार जब यह वाहन चिनाड गांव के पास पहुंचा, तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी गाड़ी में सवार हो गए। रात करीब 12:45 बजे जब बोलेरो गतलोग के पास पहुंची, तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी सड़क से नीचे करीब 50 मीटर गहरी ढलान में कई पलटियां खाते हुए जा गिरी।
हादसे में राजेंद्र (37) पुत्र नूपा राम निवासी अरलू, देस राज (23) पुत्र प्रेम सिंह निवासी अरलू, रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह निवासी चिनाड और राम गोपाल (62) पुत्र गंगा राम निवासी चिनाड की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 9 लोग घायल हुए हैं। इनमें बृज मोहन (62), कृपा राम (61), देवेंद्र सिंह (44), सुनील शर्मा (21), राम स्वरूप (44), जय प्रकाश (45), संदीप (21), कमलेन्द्र (48) और वाहन चालक कपिल देव (39) शामिल हैं। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को अधिक चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, अन्य 5 घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में जारी है।
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शवों का सीएचसी संगड़ाह में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। एक ही रात में हुई इन मौतों से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
