न्यूज अपडेट्स
शिमला/रामपुर, 16 जुलाई। रामपुर डिपो की बस के खोलीघाट के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी जय प्रकाश (नड्डा) को हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने शोक संदेश जारी करते हुए इस हादसे को परिवहन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उन्होंने कहा कि जय प्रकाश (नड्डा) एक मिलनसार, सरल, सहयोगी और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें लगभग ढाई वर्षों तक चंडीगढ़ रूट पर नाइट ड्यूटी के दौरान उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला। उनके व्यवहार, सहयोग और आत्मीयता को परिवहन परिवार हमेशा याद रखेगा।
हरीश कुमार पराशर ने कहा कि जगत प्रकाश का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हिमाचल परिवहन परिवार के लिए गहरा आघात है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
उन्होंने हादसे में घायल चालक हरी सिंह तथा अन्य सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की और कहा कि संघ इस कठिन समय में सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि वह स्वयं घायल चालक हरी सिंह के उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दिवंगत जगत प्रकाश (नड्डा) को पूर्ण सम्मान एवं परिवहन परिवार की गरिमामयी उपस्थिति में रामपुर से उनके पैतृक गांव तक अंतिम विदाई दी जाएगी।
