न्यूज अपडेट्स
शिमला, 13 जुलाई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस के छात्रों की गूंज अभियान का शुभारंभ करते हुए अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सिर्फ इस ख्याली पुलाव में जी रही है कि प्रदेश में हर 5 साल बाद सरकार बदलने की परंपरा है, जबकि इस बार ऐसा नहीं होने वाला है। सीएम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार के व्यवस्था परिवर्तन के कामों को देखकर प्रदेश की जनता इस बार इस परंपरा को तोड़ देगी और भाजपा का ख्वाब अधूरा रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने राज्य के आरडीजी का अधिकार छीना और भाजपा सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पैंशन को भी बंद करने की बात कहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में लोग भाजपा को वोट क्यों देंगे। 2027 में इतिहास बदलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व की भाजपा सरकार पर प्रदेश की संपदा को लुटाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर योजना में महाघोटाला हुआ। उन्होंने पेपर लीक मामले में भी पूर्व सरकार को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के दौरान हमीरपुर अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड में सरेआम नौकरियां बेची गईं। पुलिस भर्ती से लेकर कई पेपर लीक हुए और पढ़े-लिखे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ, जबकि सरकार सोई रही। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर केंद्र सरकार के कार्यकाल में नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ, जिससे देशभर के लाखों युवाओं के सपने चकनाचूर हुए।
उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार में प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब 5वें स्थान पर आ गया है। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आई है। इस दौरान उन्होंने अपने छात्र राजनीति के दिनों को याद करते हुए युवाओं में जोश भरा। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सहित युवा कांग्रेस के अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमसे बड़ा सनातनी और कोई नहीं हो सकता। उन्होंने याद दिलाया कि अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय केंद्र ने केवल आधे दिन का अवकाश दिया था, जबकि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने पूरे दिन की छुट्टी घोषित की थी। उन्होंने कहा कि हम गऊ माता और कंचन पूजा करने वाले लोग हैं। हमें भाजपा से सनातनी होने के किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल हमेशा से वीरों की भूमि रही है। प्रदेश का युवा देश के लिए बलिदान देने के लिए हमेशा आगे रहा है, लेकिन सरकार द्वारा लागू की गई अग्निवीर योजना ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय किया है।
