न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 02 जुलाई। प्रदेश सरकार के एक फैसले ने आयुष्मान भारत और हिम केयर योजना के लाखों लाभार्थियों को बड़ा झटका दिया है। सरकार ने गत 26 जून को जारी अधिसूचना के माध्यम से प्रदेश के सभी सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों में इन दोनों योजनाओं के तहत मिलने वाली कैशलेस उपचार सुविधा समाप्त करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों को आवश्यक निर्देश भी भेज दिए गए हैं। फैसले के बाद अब आयुष्मान भारत और हिमकेयर कार्ड रखने वाले मरीज सरकारी आयुर्वेदिक अस्पतालों में इन योजनाओं के तहत मुफ्त या कैशलेस उपचार का लाभ नहीं ले सकेंगे।
अब ऐसे मरीजों को या तो उपचार का खर्च स्वयं उठाना होगा या फिर इन योजनाओं से सूचीबद्ध अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।
यह निर्णय ऐसे समय में आया है, जब सरकार एक ओर आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने और लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति अपनानेvके लिए प्रेरित करने की बात करती रही है। दूसरी ओर आयुर्वेदिक अस्पतालों से आयुष्मान और हिम केयर जैसी प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाप्त होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, जो सस्ते इलाज के लिए आयुर्वेदिक अस्पतालों पर निर्भर रहते हैं।
