न्यूज अपडेट्स
शिमला, 30 जून। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में हुए मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। निजी स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनके सगे भाई ने ही रची थी।
शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के भाई हिमांक मित्तल और उसके बिजनेस पार्टनर गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में इस खूनी वारदात के पीछे करोड़ों की संपत्ति का विवाद सामने आया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीषा के भाई हिमांक मित्तल ने अपने बिजनेस पार्टनर गोविंद के साथ मिलकर इस पूरी हत्या की साजिश रची थी। गोविंद ने ही शूटरों को गाड़ी मुहैया कराई और उन्हें वारदात को अंजाम देने के लिए शिमला भेजा। अपनी संलिप्तता छुपाने के लिए गोविंद हत्याकांड के तुरंत बाद विदेश फरार हो गया था। हालांकि, वह बच नहीं सका। इस मामले में संजौली पुलिस दो शूटरों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
मामले की पुष्टि करते हुए शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर कंवर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी और मृतका का भाई हिमांक मित्तल फिलहाल अस्वस्थ है, जिसे हरियाणा के रोहतक से पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
