न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 17 जून। हिमाचल प्रदेश में पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने कुल्लू जिले के अंतर्गत मणिकर्ण घाटी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जरी पुलिस चौकी की टीम ने एक स्कूटी पर सवार 2 युवकों को चरस और नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने की है।
जानकारी के अनुसार जरी पुलिस की टीम डुंखरा चौक पर रूटीन चैकिंग और नाकेबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान मणिकर्ण की तरफ से आई एक स्कूटी (HP 66A-8026) को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
स्कूटी पर सवार दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जब पुलिस ने उनकी गहनता से तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 202 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके साथ ही पुलिस ने युवकों के कब्जे से 41,000 रुपए नकद भी जब्त किए, जिसे ड्रग मनी माना जा रहा है। पुलिस तुरंत दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान किशन राज चौहान (28) और विक्की चौहान (20) निवासी मुंबई के रूप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस घाटी में कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही बरामद की गई नकदी के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जिला में नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक नाके और चैकिंग अभियान पूरी मुस्तैदी से जारी रहेंगे।
