न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 17 जून। जिला बिलासपुर के झंडूता क्षेत्र में एक बस कंडक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत डाहड़ के उपप्रधान अजय कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि सुमित कुमार पुत्र रूप लाल, निवासी गांव खलसाए, डाकघर जब्बलू, तहसील झंडूता, चोरबांए पुल के पीछे मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजकीय प्राथमिक पाठशाला चोरबांए के समीप शव बरामद किया। जांच के दौरान मृतक के पिता रूप लाल तथा अन्य लोगों से पूछताछ में पता चला कि सुमित कुमार झंडूता से ज्योरीपतन रूट पर चलने वाली नायक बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। बताया गया कि वह पिछले दिन शाम करीब 6:30 बजे बस से उतरा था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और खोजबीन के दौरान उसका शव बरामद हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर संयुक्त निरीक्षण करवाया। घटनास्थल से चप्पलें, उल्टी और एक ट्यूब सहित अन्य भौतिक साक्ष्य कब्जे में लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए, जबकि माथे के दाहिनी ओर हल्का रगड़ का निशान मिला है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। फिलहाल मृतक के परिजनों ने किसी पर भी संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस थाना झंडूता में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
