न्यूज अपडेट्स
शिमला, 17 जून। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रोहड़ू से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर बीती देर रात एक वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला रोहडू उपमंडल की करछारी ग्राम पंचायत नियर मंडारली के पास का है। मृतका की पहचान गीता देवी जनारथा के रूप में हुई है। उनके पति अमी चंद का साल 2020 में देहांत हो गया था। महिला के दो बेटे हैं, जो अपने परिवारों के साथ शहरों में रहते हैं। पति की मृत्यु के बाद से गीता देवी सेब के बगीचे के बीच बने मकान में अकेली ही रहती थीं। बगीचे की देखरेख करने वाले नेपाली मूल के मजदूर भी पास ही में बने एक अन्य शेड में रहते थे।
बताया जा रहा है कि सुबह जब नेपाली आए तो उन्होंने आवाज लगाई, तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। संदेह होने पर जब उन्होंने भीतर जाकर देखा तो बुजुर्ग महिला बेसुध हालत में पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शिमला से फोरैंसिक टीम को मौके पर बुलाकर संयुक्त निरीक्षण करवाया। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, घर में चोरी हुई है और मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात ने चोरी या डकैती के इरादे से ही महिला की हत्या की है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
