न्यूज अपडेट्स
शिमला, 30 जून। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस सोमवार को कोटखाई क्षेत्र में हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। हलाइला-कोटखाई रूट पर चल रही एक बस की कोकुनाला के समीप अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। बस में कई यात्री सवार थे।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और बस को सड़क किनारे पहाड़ी की ओर मोड़कर नियंत्रित किया। बस पहाड़ी से रगड़ खाते हुए धीरे-धीरे रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बस अनियंत्रित होकर दूसरी ओर खाई की तरफ बढ़ जाती तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे के बाद चालक ने इसकी सूचना एचआरटीसी अधिकारियों को दी, जबकि यात्री वैकल्पिक साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस की एयर ब्रेक पाइप में लीकेज होने के कारण ब्रेक प्रणाली ने ठीक से काम नहीं किया। घटना के बाद यात्रियों ने निगम की पुरानी बसों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उनकी नियमित जांच और समय पर रखरखाव की मांग की।
