न्यूज अपडेट्स
मंडी, 05 जून। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों में दो लड़कियों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों को नाजुक हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दोहरे हादसे से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस विसरा रिपोर्ट के जरिए मौत के असली कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
सुंदरनगर उपमंडल की दो अलग-अलग पंचायतों में दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जहाँ दो युवतियों की अचानक और रहस्यमयी ढंग से मौत हो गई। पहला मामला चमुखा ग्राम पंचायत के पटियाला गांव का है, जहाँ एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की घर पर अचानक तबीयत खराब हो गई। घबराए परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सुंदरनगर ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया। वहाँ बुधवार शाम को इलाज के दौरान उस मासूम ने दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी दिलदहला देने वाली घटना चनोल ग्राम पंचायत के चनोल गांव में हुई। यहाँ भी एक 23 वर्षीय युवती की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे भी तुरंत अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया। मगर डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद बुधवार देर रात उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
एक ही समय के आसपास हुई इन दो रहस्यमयी मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवतियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मौत की असली वजह क्या थी, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। डॉक्टरों ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए दोनों ही मामलों में 'बिसरा सैंपल' (Viscera Samples) सुरक्षित रख लिए हैं। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
