न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 04 जून। बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर हुए गोलीकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले का मुख्य आरोपी और कथित शार्प शूटर अजय पुलिस हिरासत से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम उसे दिल्ली में पेशी के बाद वापस बिलासपुर ला रही थी, तभी दिल्ली-हरियाणा सीमा स्थित टिकरी बॉर्डर के पास वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने आरोपी की सुरक्षा में तैनात दो पुलिस कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी अजय को बंबर ठाकुर पर हुए हमले का मुख्य आरोपी माना जाता है और जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
