न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 04 जून। उपमंडल घुमारवीं के लढयाणी गांव निवासी शिवम कुमार ने आरोप लगाया है कि बिलासपुर स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर के बाहर बनी पार्किंग में चारपाई पर प्रसाद, धूप आदि बेचने वाले दुकानदारों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की है। इस संबंध में उन्होंने 1100 नंबर सीएम हेल्पलाइन और थाना सदर में शिकायत पत्र दे दिया है।
शिवम कुमार ने बताया कि वह मंगलवार को अपने परिवार के साथ माथा टेकने के लिए आए थे। मंगलवार के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण परिवार के सदस्य मंदिर चले गए ताकि लाइन में लगकर जल्दी दर्शन हो सकें। परिवार के सदस्यों के जाने के बाद जब वह मंदिर के साथ पार्किंग में अपनी गाड़ी पार्क करने लगे तो सभी दुकानदारों ने उसे गाड़ी उनकी दुकान के आगे लगाने से मना किया।
दुकानदारों ने उनसे यह भी कहा कि यदि वह उनके पास से प्रसाद लेंगे तभी गाड़ी लगने दी जाएगी। इसी बीच जब वह कुछ दूरी पर गाड़ी लगाने लगे तो एक महिला दुकानदार से शालीनता से पूछा कि वह गाड़ी कहां लगाएं। इतने में महिला ने चप्पल उतारी और अकारण ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसी बीच अन्य लोग भी उस महिला की तरफ से दौड़े और पीटने लग गए।
शिवम कुमार ने बताया कि इस घटना से वह बहुत आहत हुए हैं। उन्होंने मौके पर पुलिस बुला ली और बयान भी दर्ज हुए हैं। शिवम कुमार ने जिला प्रशासन, मंदिर अध्यक्ष और नगर परिषद बिलासपुर के कार्यकारी अधिकारी से आग्रह किया है कि इस मामले की गहनता से जांच करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालु बाबा नाहर सिंह के दर्शनों के लिए आते हैं न कि स्थानीय लोगों से मार खाने के लिए। उन्होंने यह भी मांग की है कि उक्त महिला तथा अन्य अस्थायी दुकानदारों के बारे में भी जांच करवाई जाए तथा श्रद्धालुओं को आइंदा किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
