न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 02 जून। जिला पुलिस ने रेलवे लाइन से लोहे की प्लेटें चोरी करने के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
धोलरा मंदिर के पास गश्त में पकड़े गए तीन आरोपी
थाना सदर बिलासपुर की पुलिस टीम ने धोलरा मंदिर के समीप गश्त के दौरान रेलवे लाइन से चोरी की गई चार लोहे की प्लेटों के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल अहमद, आशीष कल्याण और मुनीष कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, इस गिरोह का एक अन्य सदस्य आरुष पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस चौकी टीम को डियारा सेक्टर स्थित हनुमान मंदिर के पास गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति धोलरा मंदिर के निकट रेलवे लाइन की प्लेटें चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत दबिश देकर आसिफ खान (34) निवासी रौड़ा सेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी द्वारा घास में छिपाई गई रेलवे की तीन छोटी और तीन बड़ी लोहे की प्लेटें बरामद की गईं।पुलिस ने दोनों मामलों में रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
