न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 08 मई। जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 20 तथा पंचायत समितियों के लिए 125 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिला पंचायती राज संस्थाओं के नामांकन पत्र भरने के दूसरे दिन आज विभिन्न जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों तथा पंचायत समितियों के लिए 125 ने अपने नामांकन पत्र भरे हैं।
उन्होंने बताया कि जिला की चार पंचायत समितियों के लिए 125 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनमें घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 51, झंडूता पंचायत समिति के लिए 28, श्री नैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 10 तथा पंचायत समिति सदर से 36 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिला की कुल 182 ग्राम पंचायतों के लिए नामांकन प्रस्तुत करने के दूसरे दिन आज 1136 उम्मीदवारों ने प्रधान, उप प्रधान तथा वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं।
जिनमें सदर विकास खंड के तहत 47 प्रधान, 55 उप प्रधान तथा 152 वार्ड सदस्यों के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। इसी तरह जहां घुमारवीं विकास खंड के अंतर्गत प्रधान पद के लिए 92, उप-प्रधान पद के लिए 91 तथा वार्ड सदस्यों के लिए 287 ने नामांकन दाखिल किये हैं तो वहीं झंडूता विकास खंड के अंतर्गत प्रधान के लिए 38, उप-प्रधान के लिए 46 तथा वार्ड सदस्यों के लिए कुल 170 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं। इसी तरह श्री नैना देवी जी विकास खंड के तहत प्रधान के लिए 32, उप-प्रधान के लिए 36 तथा वार्ड सदस्यों के लिए 90 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं।
उन्होंने कहा कि 11 मई को भी प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित कार्यालयों में नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते है। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को प्रातः 10 बजे से संबंधित कार्यालयों में की जाएगी, जबकि 14 तथा 15 मई को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 तथा 30 मई को सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। ग्राम पंचायतों के मतों की गिनती संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान पूर्ण होने के उपरांत की जाएगी जबकि जिला परिषद और पंचायत समितियों के मतों की गिनती 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी।
