न्यूज अपडेट्स
शिमला, 24 अप्रैल। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज लोक निर्माण विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर में निर्माणाधीन यूटिलिटी डक्ट परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिमला क्लब तक 10 मई और लिफ्ट क्षेत्र तक 15 जून तक डक्ट के ऊपर तारकोल बिछाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटा शिमला से विलीज पार्क तक करीब सात किलोमीटर लंबे इस यूटिलिटी डक्ट के निर्माण पर लगभग 145 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि शिमला एक प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण यहां की सुंदरता बनाए रखना बेहद जरूरी है। शहर को पेड़ों और सड़कों पर फैले तारों के जाल से मुक्त करने के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण है, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और शहर की छवि भी सुधरेगी।
यह यूटिलिटी डक्ट छोटा शिमला से विलीज पार्क, सचिवालय, लोक भवन से ओक ओवर तथा शेर-ए-पंजाब से लोअर बाजार होते हुए सीटीओ तक विस्तारित होगा। इन डक्ट्स में बिजली, पानी की पाइपलाइन और अन्य केबल्स को भूमिगत किया जाएगा।
बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, आशीष सिंहमार और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
