न्यूज अपडेट्स
शिमला, 17 अप्रैल। प्रदेश की राजधानी शिमला के बस अड्डे में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं। बस अड्डे के काउंटरों पर कूड़ा इकट्ठा होने का मामला सामने आया है, जिससे यात्रियों और परिवहन व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिमला बस अड्डे से प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के विभिन्न स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। ऐसे व्यस्त बस अड्डे पर सफाई व्यवस्था का यह हाल चिंताजनक है।
ताजा तस्वीरों में सामने आया है कि चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए संचालित होने वाली बसों के काउंटर के पास कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है। इससे यह प्रतीत होता है कि बस अड्डा प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है।
गौरतलब है कि बस अड्डे में सरकारी और निजी बसों की पर्ची काटी जाती है, जिसके लिए 83 रुपये शुल्क लिया जाता है। यह शुल्क केवल दो घंटे के लिए बसों को बस अड्डे में खड़ा करने की अनुमति देता है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में इस प्रकार की लापरवाही कई सवाल खड़े करती है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए, ताकि बस अड्डे की व्यवस्था सुधर सके और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
