न्यूज अपडेट्स
ऊना, 24 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में लूट की एक वारदात सामने आई है। जिला के अंतर्गत आते त्यूड़ी गांव में 4 नकाबपोश युवकों ने शराब के ठेके पर धावा बोल दिया और सेल्समैन को बंधक बनाकर नकदी, शराब की बोतलें और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में विनोद कुमार निवासी गांव चनौर, तहसील डाडासीबा व जिला कांगड़ा ने बताया कि वह त्यूड़ी में शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। वीरवार रात करीब पौने 11 बजे वह दुकान की दैनिक सेल का हिसाब कर रहा था। उसी समय मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार 4 पगड़ीधारी युवक वहां पहुंचे। इन सभी ने अपने चेहरे रूमाल से ढके हुए थे। ठेके के सामने रुकते ही चारों ने शराब (बीयर कैन) की मांग की। जैसे ही वह फ्रिज से बीयर लेने के लिए मुड़ा तो उनमें से दो युवक अंदर घुस आए।
सेल्समैन ने बताया कि ठेके के अंदर घुसे एक युवक ने अपने हाथ में पकड़े गंडासे को उसकी गर्दन पर रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर गल्ले में रखे पैसों के बारे में पूछने लगा। वहीं, दूसरे युवक ने अपने हाथ में ग्रिप पहनी हुई थी और उसने सेल्समैन (विनोद कुमार) को कुर्सी पर बैठा दिया। इसी दौरान बाहर से तीसरा युवक भी अंदर आ गया और गल्ले से लगभग 35,000 रुपए, 8 बोतलें शराब और सेल्समैन का मोबाइल फोन लूट लिया। इस दौरान चौथा युवक ठेके के बाहर खड़ा होकर पूरी निगरानी कर रहा था। लूट को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी वाहनों पर सवार होकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी सुरेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज या अन्य माध्यमों से उनकी धरपकड़ की जा रही है। इलाके में इस वारदात के बाद से दहशत का माहौल है।
