न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 12 अप्रैल। जिला कुल्लू में नशा माफिया के खिलाफ चल रही पुलिस की सख्त मुहिम के तहत सैंज थाना पुलिस को रविवार को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस में सवार एक महिला को 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी छज्जू राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पागल नाला के समीप लारजी की ओर लगभग 100 मीटर दूरी पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान सैंज-धाऊगी मार्ग से औट की ओर जा रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया।
बस की तलाशी के दौरान सीट नंबर 9 पर बैठी एक महिला यात्री पुलिस को देखकर घबरा गई और अपने बैग को खिड़की की ओर छिपाने का प्रयास करने लगी। महिला की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने उसके बैग की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 2 किलो 35 ग्राम च*रस और 56 ग्राम अ*फीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी महिला की पहचान इंदिरा देवी (57) पत्नी मीने राम निवासी गांव बकशाहल, तहसील सैंज के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सैंज में मा*दक द्रव्य अधिनियम की धारा 18 और 20 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद न*शे की खेप के स्रोत का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के अ*वैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
