न्यूज अपडेट्स
किन्नौर, 14 अप्रैल। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने दो दिवसीय किन्नौर दौरे के दौरान सतलुज नदी पर निर्माणाधीन 450 मेगावाट क्षमता की शोंगटोंग-कड़छम जलविद्युत परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परियोजना स्थल का दौरा कर पावरहाउस, सर्ज शाफ्ट और बैराज क्षेत्र का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना के प्रथम चरण को जनवरी 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी और पर्यावरण-अनुकूल विकास को भी बढ़ावा देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने पर प्रतिवर्ष लगभग 1,579 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को हर साल करीब 900 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।
