न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 23 मार्च। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बिलासपुर डिपो की बसों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। अब हालात यह हैं कि कुछ बसें आधे-अधूरे शीशों के साथ सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, डिपो की कई बसों के शीशे टूट चुके हैं और उन्हें अस्थायी रूप से सैलो टेप लगाकर चलाया जा रहा है। वहीं, कुछ बसों में शीशे तो लगे हुए हैं, लेकिन वे पूरी तरह बंद नहीं होते। यात्रियों का कहना है कि शीशे बंद करने के बावजूद बीच से खुल जाते हैं, जिससे खासकर बारिश के मौसम में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बारिश के दौरान इस स्थिति से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा जाती हैं। खुले या अधूरे शीशों के कारण बस के अंदर पानी आ जाता है, जिससे सफर असुविधाजनक और जोखिम भरा बन जाता है।
इस मामले ने HRTC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि लाखों रुपये वेतन लेने वाले अधिकारी आखिर बसों की स्थिति की नियमित जांच क्यों नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द बसों की मरम्मत करवाए और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता दे।
