न्यूज अपडेट्स
शिमला, 23 मार्च। राजधानी शिमला में सामने आए LSD तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस विभाग के ही चार कर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें सस्पेंड कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को न्यू शिमला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11.570 ग्राम LSD (562 स्ट्रिप्स) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 13 मार्च को गुरुग्राम से केरल निवासी सप्लायर को भी पकड़ लिया।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के चार पुलिस कर्मी इस नशा तस्करी नेटवर्क में शामिल थे। आरोप है कि ये कर्मी तस्करों के साथ मिलकर नशे के कारोबार को बढ़ावा दे रहे थे।
मामले में संदिग्ध भूमिका और संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तार किए गए पुलिस कर्मियों की पहचान इस प्रकार है:
राजेश कुमार (40 वर्ष), निवासी 14 मील, बडाग्राम, तहसील मनाली, जिला कुल्लू
समीर (40 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 7, पारला भुन्तर, जिला कुल्लू
नितेश (46 वर्ष), निवासी बजौरा, तहसील भुन्तर, जिला कुल्लू
अशोक कुमार (42 वर्ष), निवासी वाशिंग, जिला कुल्लू
शिमला पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं पुलिस विभाग के अंदर ही मिलीभगत सामने आने से मामला गंभीर हो गया है।
