न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 05 मार्च। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की खराब स्थिति के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आए दिन बसों के बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को उम्मीद होती है कि एचआरटीसी की बस उन्हें समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी, लेकिन कई बार बसें बीच रास्ते में ही दम तोड़ देती हैं।
ऐसा ही एक मामला जिला बिलासपुर में सामने आया है। जानकारी के अनुसार हमीरपुर से राजगढ़ जा रही सोलन डिपो की एचआरटीसी बस सगीरठी के पास अचानक खराब हो गई। बस के खराब होने के बाद यात्री सड़क किनारे धूप में खड़े होकर निगम की ओर से किसी वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई भी बस या अन्य इंतजाम नहीं किया गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर बस खराब हुई, वहां से बिलासपुर बस डिपो की दूरी लगभग 12 किलोमीटर ही है। इसके बावजूद निगम यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था करने में नाकाम रहा।
बताया जा रहा है कि यह बस बिलासपुर बस अड्डे से सुबह करीब 10:40 बजे रवाना हुई थी और लगभग 11:15 बजे सगीरठी के पास खराब हो गई। बस खराब होने के बाद करीब एक घंटे से अधिक समय तक यात्री सड़क किनारे खड़े रहे और निगम की अव्यवस्था के कारण परेशानियों का सामना करते रहे।
यात्रियों का कहना है कि एचआरटीसी को इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए ताकि यात्रियों को बीच रास्ते में इस प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।
