Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

पंचतत्व में विलीन हुआ हिमाचल का लाल, सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
कांगड़ा, 29 मार्च। भारतीय सेना की 19 पंजाब रैजीमैंट में सेवाएं दे रहे और वर्तमान में अंडमान निकोबार में तैनात ऑनरेरी लैफ्टिनैंट अनुपम मेहता रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गए। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के उपमंडल धीरा की ग्राम पंचायत नौरा के गांव मतेहड़ से संबंध रखने वाले अनुपम मेहता का शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से निधन हो गया था। उनकी इस अचानक विदाई से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दिवंगत सैनिक अनुपम मेहता का पार्थिव शरीर रविवार सुबह उनके पैतृक गांव मतेहड़ लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। बारिश के बीच नम आंखों से स्थानीय लोगों और परिजनों ने अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन किए। इसके उपरांत बलोटी स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम विदाई के दौरान सेना की ओर से मेजर सोनू और नायब सूबेदार योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में 40 सैनिकों की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और हवा में फायर कर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। श्मशानघाट पर उस समय माहौल और भी भावुक हो गया, जब दिवंगत सैनिक के बेटे हनी ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

देश सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले अनुपम मेहता की अंतिम यात्रा में कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सुलह निर्वाचन क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मौके पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इसके अलावा, थाना प्रभारी गुरुदेव सिंह, अनुपम मेहता के वयोवृद्ध पिता प्रमोद मेहता, समाजसेवी भुवनेश सूद और पंजाब रैजीमैंट के कई भूतपूर्व सैनिकों ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!