न्यूज अपडेट्स
मंडी, 09 मार्च। मंडी में निजी बस ऑपरेटरों ने एचआरटीसी के एक परिचालक पर सोशल मीडिया पेज के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार पोस्टें डालकर उन्हें बदनाम करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उक्त परिचालक द्वारा “एचआरटीसी केलांग-मंडी” नाम से यह पेज बनाया गया है, जिसमें पिछले 2-3 वर्षों से निजी बस ऑपरेटरों के खिलाफ सामग्री डाली जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों की अनुमति के बिना ही यह पेज संचालित किया जा रहा है।
मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान निजी बस ऑपरेटरों ने कहा कि इस पेज पर उनके खिलाफ शेयर हो रही पोस्टों से उनकी छवि दागदार हो रही है। उन्होंने इस पेज को बंद करने के साथ-साथ संबंधित परिचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
प्रेस वार्ता के दौरान निजी बस ऑपरेटर पंकज महाजन ने बताया कि एचआरटीसी परिचालक ललित ठाकुर द्वारा यह पेज बनाया गया है, जिसमें उनके अलावा 3-4 अन्य लोग भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पेज के माध्यम से निजी बस ऑपरेटरों के खिलाफ लगातार की जा रही टिप्पणियों की शिकायत वे विभागीय अधिकारियों के पास भी दे चुके हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
पंकज महाजन ने कहा कि इन पोस्टों के कारण निजी बस ऑपरेटरों में टकराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आपसी सौहार्द भी बिगड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह पेज जल्द बंद नहीं किया गया, तो वे संबंधित परिचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे।
वहीं, इन आरोपों पर जब एचआरटीसी परिचालक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त पेज पर निगम हित से जुड़ी पोस्टें ही शेयर की जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस पेज के बेहतर संचालन के लिए उन्हें निगम के उच्च अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
