न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 09 मार्च। जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में सोमवार को कोल डैम विस्थापित पुनर्वास एवं पुनर्वास सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त डॉ. राज कृष्ण परूथी ने की। इस दौरान उपायुक्त राहुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा एनटीपीसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कोल डैम परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि विस्थापित परिवारों को दिए जाने वाले 12 प्लॉटों से संबंधित राजस्व प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इन प्लॉटों पर बिजली, पानी और सड़क जैसी सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाई जाएं। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए सोलर लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि एनटीपीसी द्वारा ब्लास्टिंग से प्रभावित परिवारों को अब तक 17 लाख 64 हजार 688 रुपये की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा परियोजना से प्रभावित परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाने के प्रयास भी किए गए हैं। अब तक 440 प्रभावित लोगों को अस्थायी और 25 लोगों को स्थायी रोजगार दिया गया है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को एनटीपीसी की जॉब पॉलिसी के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें। बैठक के दौरान हरनोडा क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं विकसित करने के विषय पर भी चर्चा हुई। उन्होंने जिला खेल अधिकारी को क्षेत्र का निरीक्षण कर यह रिपोर्ट देने के निर्देश दिए कि वहां किस प्रकार की खेल सुविधाएं और खेल मैदान विकसित किए जा सकते हैं।
इसके अलावा विस्थापित परिवारों को दिए गए प्लॉटों में पानी, सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत बनाने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हरनोड़ा योजना के तहत लगभग 59 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि और उद्यान विभाग को जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त डॉ. राज कृष्ण परूथी ने कहा कि कोल डैम परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आजीविका से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विस्थापित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
यह बैठक 8 दिसंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कोल डैम विस्थापित एवं पुनर्वास सलाहकार समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई।
