Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: चलती HRTC बस बनी लेबर रूम, नाहन रूट पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
सिरमौर, 15 मार्च। सिरमौर जिला में इंसानियत और सूझबूझ की मिसाल पेश करने वाली एक सुखद घटना सामने आई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की चलती बस में एक गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दिया। चालक, परिचालक और बस में मौजूद महिला यात्रियों की मदद से प्रसव सुरक्षित तरीके से कराया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को कुहट (शिलाई)–हरिपुरधार–रेणुकाजी–नाहन रूट पर चल रही निगम की बस (HP-18 9782) में यह घटना घटी। नेहली की रहने वाली गर्भवती महिला सरोज अपने पति और सास के साथ ददाहू से नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के लिए बस में सवार हुई थी।

बताया जा रहा है कि जब बस जमटा से थोड़ा आगे पहुंची, तभी महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द बढ़ने पर महिला के पति ने तुरंत बस के परिचालक सीता राम को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक राजेंद्र सिंह ने बस को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

इसके बाद चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में बैठे पुरुष यात्रियों से आगे की सीटों पर जाने का अनुरोध किया और महिला यात्रियों से पीछे की सीटों पर जाकर प्रसव में मदद करने की अपील की। यात्रियों ने भी मानवीयता दिखाते हुए तुरंत सहयोग किया। पुरुष यात्रियों ने सीटें खाली कर दीं और महिला यात्रियों ने पीछे जाकर प्रसव में सहायता की, जिससे बस ही कुछ समय के लिए ‘लेबर रूम’ में बदल गई।

महिला ने बस में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद यात्रियों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। बनोग के पास एम्बुलेंस पहुंचने पर जच्चा और बच्चा को एम्बुलेंस के माध्यम से नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

मेडिकल कॉलेज नाहन के गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि महिला ने शाम करीब सवा 8 बजे एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल में मां और बच्ची दोनों का उपचार किया जा रहा है और दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इस घटना के बाद चालक, परिचालक और बस में मौजूद यात्रियों की सूझबूझ और मानवता की हर ओर सराहना हो रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!