न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 17 मार्च। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए असामाजिक तत्वों ने बिजली बोर्ड के एक सहायक अभियंता के साथ बीच सड़क पर मारपीट की। घटना पांवटा साहिब उपमंडल के माजरा थाना क्षेत्र की है, जहां ड्यूटी खत्म कर लौट रहे अधिकारी को शराबियों ने केवल इसलिए पीट दिया क्योंकि उन्होंने चेहरे पर टॉर्च मारने का विरोध किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
शिकायतकर्ता रणजीत सिंह, जो गिरीनगर पावर हाउस में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं, ने पुलिस को बताया कि 16 मार्च की रात वह अपनी शिफ्ट खत्म कर अपने निवास लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। जैसे ही रणजीत सिंह उनके पास से गुजरे, उन लोगों ने जानबूझकर उनके चेहरे पर टॉर्च की तेज रोशनी डाली।
जब एसडीओ ने टॉर्च मारने का कारण पूछा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ गई कि तीनों व्यक्तियों ने मिलकर अधिकारी पर हमला कर दिया। इस मारपीट में रणजीत सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और हमलावरों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। पीड़ित अधिकारी मूल रूप से बिलासपुर जिले के झंडूता तहसील के रहने वाले हैं।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।" पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय इनपुट के आधार पर हमलावरों का सुराग लगा रही है।
