न्यूज अपडेट्स
शिमला, 31 मार्च। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को मिलने वाली बस किराया छूट को लेकर बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। 1 अप्रैल से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में सफर करने वाली महिलाओं के लिए ‘हिम बस कार्ड’ अनिवार्य कर दिया जाएगा। इस कार्ड के बिना अब महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया छूट का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें पूरा किराया चुकाना होगा।
नए नियमों के अनुसार ‘हिम बस कार्ड’ केवल हिमाचल प्रदेश की स्थायी महिला निवासियों को ही जारी किया जाएगा। यानी प्रदेश से बाहर की महिलाओं को पहले की तरह किसी भी प्रकार की किराया रियायत नहीं मिलेगी।
सरकार द्वारा इस व्यवस्था की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, हालांकि अभी इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है। बावजूद इसके, विभाग 1 अप्रैल से इसे लागू करने की तैयारी में है।
वर्तमान में प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं हैं, जिनके ‘हिम बस कार्ड’ अभी तक नहीं बन पाए हैं। ऐसे में शुरुआती दिनों में कई महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें मजबूरी में पूरा किराया देना पड़ सकता है।
परिवहन विभाग के अनुसार, महिलाओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपना ‘हिम बस कार्ड’ बनवा लें, ताकि उन्हें बस यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
