न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 22 मार्च। जिला बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में इस बार स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। मेले में नलवाड़ी मेला के दौरान झंडुता क्षेत्र के ‘ओम नमः शिवाय स्वयं सहायता समूह’ द्वारा लगाया गया स्टॉल लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस स्टॉल पर पारंपरिक और घर के बने व्यंजनों की खुशबू दूर से ही मेले में आने वाले लोगों को अपनी ओर खींच रही है। समूह की महिलाएं यहां चाय, सिड्डू, कचैरी, सीरा, सेवइयां और घर का बना आचार तैयार कर बेच रही हैं। इन व्यंजनों में स्थानीय स्वाद और पहाड़ी परंपरा की झलक साफ दिखाई दे रही है, जिसे पर्यटक और स्थानीय लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
मेले में आने वाले लोग इन उत्पादों की सराहना करते नहीं थक रहे हैं और पारंपरिक स्वाद का भरपूर आनंद ले रहे हैं। स्टॉल पर लगातार लोगों की भीड़ देखी जा रही है, जो इन व्यंजनों की लोकप्रियता को दर्शाती है।
‘ओम नमः शिवाय स्वयं सहायता समूह’ को झंडुता गांव की चार से पांच महिलाएं मिलकर संचालित कर रही हैं। इनमें डिंपल सोनी, परमिला देवी (प्रधान) और सपना देवी प्रमुख रूप से शामिल हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इन महिलाओं ने अपनी मेहनत और लगन से इस स्टॉल को सफल बनाया है।
समूह की महिलाओं का कहना है कि ऐसे मेलों में भाग लेने से उनकी आय में वृद्धि होती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। उनका यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रहा है।
यह स्टॉल न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए लोगों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि स्थानीय महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की सशक्त कहानी भी बयां कर रहा है।
