न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 23 मार्च। जिला बिलासपुर के बंदला रूट पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। नलवाड़ी मेले के समापन समारोह के दिन ब्रह्मपुखर से वाया बंदला बिलासपुर आ रही HRTC बस (HP 12G 4647) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की स्टीयरिंग रॉड निकलने के कारण यह घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां गहरी खाई मौजूद है। यदि बस खंभे से न टकराती तो सीधा खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। बस में उस समय करीब 51 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह पहला मामला नहीं है जब बंदला रूट पर इस तरह की लापरवाही सामने आई हो। हाल ही में इसी मार्ग पर चलती बस का फ्रंट एक्सल टूटने का मामला भी सामने आया था, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा था।
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर 2011 को दिवाली के दिन इसी रूट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था, जब HRTC बस खाई में गिर गई थी और करीब 38 लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे के जख्म आज भी क्षेत्र के लोग नहीं भूल पाए हैं। इसके बावजूद भी इस रूट पर बसों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
स्थानीय निवासी अनिल कश्यप ने बताया 17 मार्च को पहले ही क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर को पत्र लिखकर बंदला रूट पर BS-6 बसें चलाने की मांग की है, लेकिन विभाग की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया जोकि सिस्टम की लापवाही उजागर करता है। Click to view the letter sent to the Regional Manager.
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने HRTC बिलासपुर डिपो की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुरानी और जर्जर बसों को इस संवेदनशील रूट पर चलाया जा रहा है, जबकि उनकी नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है।
क्षेत्र के लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बंदला रूट पर सुरक्षित एवं नई बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
घटना से संबंधित जानकारी लेने के लिए जब बिलासपुर बस अड्डे में संपर्क किया गया तो वहां तैनात कर्मचारी से बस में सवार यात्रियों की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो बताया गया हमारे पास कोई जानकारी मौजूद नहीं है जब परिचालक आएगा तभी पता लगेगा।
