न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 31 मार्च। जिला पुलिस की सदर थाना टीम ने कीरतपुर-नेरचैक-मनाली फोरलेन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार में सवार तीन युवकों से 13.30 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गत रात्रि सदर पुलिस टीम मंडी-भराड़ी के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक कार (नंबर HP 91 6134) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी में सवार तीन युवकों के कब्जे से 13.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान गुर प्रकाश सिंह (30 वर्ष), विशाल चौधरी (24 वर्ष), निवासी गांव बैहल, तहसील श्री नयना देवी जी, जिला बिलासपुर, तथा पिताम्बर (27 वर्ष), निवासी गांव समलाह, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
