न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 06 फरवरी। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा टैक्सी चालकों और ऑपरेटरों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए चलाई जा रही राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना (RGSSY)-2023 के तहत टैक्सी कन्वर्ज़न स्कीम की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 19 फरवरी 2026 कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत पुरानी डीज़ल व पेट्रोल टैक्सियों को स्क्रैप कर नई इलेक्ट्रिक टैक्सी खरीदने पर सरकार द्वारा 40 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कौशल ने बताया कि ई-वाहनों से जहां प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं वर्तमान टैक्सी मालिकों को विशेष प्रोत्साहन सहायता भी मिलेगी। उन्होंने इसे टैक्सी ऑपरेटरों के लिए “सुनहरा मौका” बताते हुए कहा कि इच्छुक आवेदक 19 फरवरी 2026 तक आरटीओ कार्यालय बिलासपुर में आवेदन कर सकते हैं।
राज्य परिवहन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार आवेदन की समय-सीमा को 15 दिन के लिए बढ़ाया गया है और सभी जिला आरटीओ को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।
आपको बता दें जिला बिलासपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 5 फरवरी 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 252 इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें 165 एलएमवी (कारें) शामिल हैं, जबकि 54 ई-ऑटो, 22 इलेक्ट्रिक टैक्सी, 9 इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहन, 1 इलेक्ट्रिक मोपेड और 1 इलेक्ट्रिक बस पंजीकृत है। यह आंकड़े जिले में ई-वाहनों के प्रति बढ़ते रुझान और सरकार की प्रोत्साहन नीतियों का प्रभाव दर्शाते हैं।
