Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: रिटायर्ड कैप्टन और SDO के घर चोरी, सबूत मिटाने के लिए अपनाया यह तरीका, जांच में जुटी पुलिस

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ऊना, 22 फरवरी। ऊना जिले के उपमंडल अम्ब में चोर गिरोह ने पुलिस और जनता की नाक में दम कर रखा है। बेखौफ चोरों ने अब रिटायर्ड अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात मुबारिकपुर-गगरेट रोड पर वार्ड नंबर-5 में चोरों ने 2 अलग-अलग घरों में सेंधमारी कर हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने घर के मंदिर और रसोई में डिब्बों तक की तलाशी ली।

पहली घटना रिटायर्ड कैप्टन बलवीर सिंह के घर हुई। वह अपने परिवार के साथ बेटे के पास चंडीगढ़ गए हुए थे। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए 4 कमरे, स्टोर रूम और रसोईघर को बुरी तरह खंगाल डाला। कैप्टन बलवीर ने बताया कि चोरों ने अलमारियों और बैड बॉक्स के अलावा घर के मंदिर को भी नहीं बख्शा। यहां तक कि रसोई में डिब्बे भी खोलकर देखे गए। हालांकि, घर से केवल 15-16 हजार रुपए चोरी हुए हैं, लेकिन घर की हालत देखकर लगता है कि चोरों ने तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया।

दूसरी वारदात इसी वार्ड में बिजली बोर्ड के रिटायर्ड एसडीओ मदन लाल शर्मा के घर हुई। चोर कैंची गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरों को खंगाल दिया। शातिराना अंदाज देखिए कि चोरों को पता था कि घर में कैमरे लगे हैं, इसलिए सबूत मिटाने के लिए वे सीसीटीवी का डीवीआर सिस्टम ही उखाड़ कर ले गए। गनीमत रही कि घर में कोई कीमती सामान नहीं था।

अम्ब क्षेत्र में बीते 2 महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। 13 और 14 दिसम्बर की रात को पंचायत कुठियाड़ी के वार्ड नंबर-4 में चोर एक बंद घर से लाखाें रुपए के आभूषण और नकदी ले उड़े थे। उसके बाद 27 दिसम्बर को ग्राम पंचायत कटौहड़ खुर्द के वार्ड नंबर-4 में एक ही रात में 4 घरों को निशाना बनाकर हजारों की नकदी उड़ाई थी। 12 फरवरी की रात घेबट बेहड़ में चोरी की नीयत से घरों में घुसे चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। हाल ही में अम्ब की गार्डन कालोनी में एक रिहायशी मकान में घुसे चोर भी कैमरों में रिकाॅर्ड हुए थे। गत दिवस नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नंबर-3 में सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर गल्ले में रखी हजारों की नकदी चोरी कर ली थी। लगातार हो रहीं इन घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।लगातार हो रही इन घटनाओं से लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि चोर पहले रैकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस का बयान एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही पुलिस को सूचित करें।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!