Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल में वेलनेस, एडवेंचर और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर फोकस, 2350 करोड़ खर्च: CM सुक्खू

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 09 फरवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में एशियन विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से 2350 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने आज यहां एडीबी के सहयोग से विकसित की जा रही विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य विश्व-स्तरीय गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एडीबी के सहयोग से ट्रेंच-1 के अंतर्गत 1620 करोड़ रुपये और ट्रेंच-2 के तहत 730 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रदेश में चलाई जा रही हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य हिमाचल पर्यटन को एक सशक्त ब्रांड के रूप में विकसित करना है, जिससे राज्य की आर्थिकी मजबूत होगी और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटकों की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी और अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में विभिन्न हेलीपोर्ट्स का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार का कार्य भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। एडीबी के सहयोग से पालमपुर और नगरोटा बगवां में 77.70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। पालमपुर में मल्टीलेवल पार्किंग, पुरानी सब्जी मंडी के समीप पार्किंग, कैफे-कॉफी शॉप, पुस्तकालय व रीडिंग रूम, न्यूगल कैफे के जीर्णोद्धार तथा विभिन्न सड़कों के सुधार कार्य किए जा रहे हैं। वहीं नगरोटा बगवां में सड़कों के सुधार, ड्रेन व डक्ट निर्माण, पुराने बस अड्डे का सौंदर्यकरण, क्लॉक टावर, गांधी ग्राउंड, नारदा-शारदा मंदिर, मटौर गार्डन, बरोह, मेला ग्राउंड और गुरुद्वारा श्री पौड साहिब के सौंदर्यकरण सहित अनेक कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले के श्री बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में 51.09 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण व अधोसंरचना विस्तार, धर्मशाला में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से आइस व रोलर स्केटिंग रिंक, कुल्लू में 20.57 करोड़ रुपये तथा मनाली में 36.19 करोड़ रुपये की लागत से वेलनेस सेंटरों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कुल्लू स्थित नग्गर कैसल के संरक्षण व जीर्णोद्धार पर 8.63 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी चरणों में शिमला और मनाली में आइस स्केटिंग रिंक, कालेश्वर महादेव मंदिर कून्हा में जन-सुविधाएं, नादौन में राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स, वेलनेस सेंटर, साहसिक खेल केंद्र, छात्रावास, नगरोटा बगवां में वेलनेस सेंटर व म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण भी एडीबी के सहयोग से किया जाएगा।

बैठक में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने पर्यटन विकास बोर्ड के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी और सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रधान सचिव पर्यटन देवेश कुमार, सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक पर्यटन विवेक भाटिया, परियोजना निदेशक पर्यटन एडीबी प्रोजेक्ट्स विवेक महाजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!